सुशासन तिहार, कलेक्टर ने विभागों द्वारा किये जा रहे निराकृत प्रकरणों की समीक्षा, लापरवाह अधिकारियों को नोटिस
दंतेवाड़ा, 29 अप्रैल 2025। सुशासन तिहार के अंतर्गत जिले में आवेदनों, मांगों और शिकायतों के निराकरण की समीक्षा के लिए सोमवार को समय-सीमा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की। इस दौरान विभागवार लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सुशासन तिहार के अंतर्गत विभागों द्वारा किये जा रहे निराकृत प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए निराकरण में लापरवाही बरतने पर नगर पालिका किरंदुल एवं बचेली के सीएमओ सहित आईसीडीएस विभाग के अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान ही सुशासन की प्राथमिकता है। और इसमें किसी भी प्रकार का विलम्ब अस्वीकार्य है। अतः विभाग प्रमुख आवेदनों का निराकरण स्वयं के निगरानी में करें। इस क्रम में भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने सभी शासकीय कार्यालयों में आम नागरिकों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने साथ ही, बस स्टैंड एवं बाजारों जैसे सार्वजनिक स्थलों में प्याऊ निर्माण, तथा अस्पतालों, वेलनेस सेंटरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क ओआरएस पैकेट के वितरण के निर्देश भी दिए गए। बैठक के दौरान कलेक्टर ने अपने हालिया गीदम और कुआकोंडा दौरे के दौरान अधिकारियों को दिए गए निर्देशों की प्रगति की भी जानकारी ली। इसके अलावा समय सीमा बैठक के एजेंडे जैसे जिले में स्कूल छात्र,छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र बनाने का कार्य, आस्था किरंदुल की प्रगति, 70 से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए ज्यादा आयुष्मान कार्ड बनाने, नगर पालिका बचेली अंतर्गत पार्क के सौंदर्यीकरण के अलावा प्रधानमंत्री आवास की प्रगति, नगर पालिका दंतेवाड़ा अंतर्गत निर्माण कार्य, एकता परिसर कुम्हाररास में भवन निर्माण कार्य, के संबंध में भी अधिकारियों को दिषा निर्देष दिए गए। कलेक्टर ने नियद नेल्लानार योजना के तहत चयनित ग्रामों में संबंधित विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन को भी युद्ध स्तर पर पूर्ण करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
