सुशासन तिहार, दिव्यांग महिला पार्वती को मिली ट्राई साइकिल

दंतेवाड़ा, 28 अप्रैल 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन की परिकल्पना को मूर्त रूप देने के लिए सुशासन तिहार तीन चरणों में लागू किया गया है जिसमें प्रथम चरण के अंतर्गत आमजनों से मांगों और समस्याओं संबंधित आवेदन प्राप्ति द्वितीय चरण में आवेदनों का निराकरण तथा तृतीय चरण में शिविर के माध्यम से हितग्राहियों को आवेदन के निराकरण की स्थिति से अवगत कराना है। जाहिर है इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर सुशासन की अवधारणा को साकार करना है। इस प्रकार सुशासन तिहार के तहत जिले में प्राप्त आवेदनों के समाधान की प्रक्रिया के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा भी आवेदकों की समस्याओं को निराकृत करने के प्रयास किए जा रहे है। इस क्रम में कटेकल्याण विकासखंड के ग्राम पंचायत कटेकल्याण (डोंगरीगुड़ा पारा) निवासी दिव्यांग महिला एवं चलने फिरने में असमर्थ श्रीमती पार्वती नाग के लिए भी सुशासन तिहार का एक सुखद संदेश लेकर आया। दिव्यांग श्रीमती नाग ने सुशासन तिहार के प्रथम चरण में आवेदन देकर अपनी कठिनाइयों को साझा किया था। उनकी समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने व्यक्तिगत रूप से उनसे संपर्क साधा और उन्हें ट्राई साइकिल प्रदाय कर सबसे जरूरी आवश्यकताओं की पूर्ति की। एक दिव्यांगजन के लिए सबसे कठिन समस्या दैनिक आवाजाही की होती है और पार्वती नाग भी इसी समस्या से जुझ रही थी। इसे दृष्टिगत रखते हुए समाज कल्याण विभाग द्वारा की गई इस सहायता से पार्वती नाग और उनके परिजनों ने शासन का आभार जताते हुए कहा कि यह पहल उनके जीवन में आत्मनिर्भरता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन और जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया, जिनके प्रयासों से उन्हें यह सहायता समय पर उपलब्ध हो सकी। ट्राई साइकिल मिलने पर पार्वती नाग ने भावुक होते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “पहली बार मुझे लगा कि सरकार सीधे हमारे दुख-दर्द को समझ रही है। मैंने जो आवेदन किया था, उस पर इतनी जल्दी कार्यवाही होगी, मैंने कभी सोचा भी नहीं था।बहरहाल प्रशासन द्वारा किए गए समुचित सहयोग से अब श्रीमती नाग को न केवल आवश्यक सुविधा उपलब्ध हुई है, बल्कि उनका जीवन भी पहले से कहीं अधिक सहज और सम्मानजनक हो गया है। सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार की यह पहल न केवल समस्याओं के समाधान तक सीमित है, बल्कि इससे पार्वती नाग जैसे आमजनों में शासन के प्रति विश्वास और आशा का संचार किया है। उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार 2025 के तहत जिले में पहले चरण (8 से 11 अप्रैल) के दौरान जिले के पंचायत, ब्लॉक एवं नगरीय निकाय कार्यालयों में समाधान पेटियों और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लगभग 38,116 आवेदन प्राप्त हुए। दूसरे चरण (12 अप्रैल से 4 मई) के अंतर्गत संबंधित विभागों के अधिकारी आवेदकों से सीधे संवाद कर उनके आवेदन का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा हैं।