पहलगाम आतंकी हमला, शहीद स्मारक में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

महासमुंद 28 अपऱ्ैल 2025। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में 28 लोग मारे गए जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। ग्राम खरोरा में स्थित शहीद स्मारक में इस आतंकी हमले के शिकार दिवंगत पर्यटकों एवं पूर्व सैनिक स्वर्गीय पंकज चंद्राकर की द्वितीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। राष्ट्रगान के पश्चात पुष्प अर्पित एवं दीपदान कर स्वर्गीय पंकज चंद्राकर एवं आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले पर्यटकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद द्वारा आयोजित इस शोक सभा में अध्यक्ष युवराज चंद्राकर ने कहा कि पहलगाम में नाम और धर्म पूछ कर किया गया हमला यह दर्शाता है कि यह नरसंहार सांप्रदायिक घृणा से प्रेरित था ।पूर्व सरपंच श्रीमती सुनीता चंद्राकर ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि पहलगाम का हमला केवल एक आतंकी हमला नहीं है बल्कि हमारे धैर्य, शक्ति और चेतना की परीक्षा है। मंच संचालन करते हुए श्रीमती सरला सोनी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि कश्मीर में हुए हमला देश की संप्रभुता पर हमला है और बदले में सरकार से अपेक्षा की जाती है कि हमले में शामिल आतंकी या उसके सहयोगी देश के दुश्मनों को कड़ी से कड़ी सजा मिले ताकि भविष्य में वह भारत की ओर आंख उठाकर देखने का साहस न कर सके। पंकज चंद्राकर ग्रुप से सुश्री सुमन पांडे ने स्व. पंकज चंद्राकर को अच्छे मार्गदर्शक, प्रेरणा स्रोत शिक्षक के रूप में याद करके पहलगाम में हुए आतंकी हमले को कायराना हरकत बताया। इस अवसर पर सुनीता चंद्राकर, देवदत्त चंद्राकर ,पूर्व सैनिक युवराज चंद्राकर, के एल सोनी, प्रदीप चंद्राकर, नंदकिशोर सिंहा, सहदेव ध्रुव, लक्ष्मी चंद्र, मानिक राम, श्रीमती सरला सोनी, श्रीमती रोहिणी सिंहा, ज्योति चंद्राकर, पूजा चंद्राकर ,सीमा वर्मा, रूचि घृतलहरे, स्वर्गीय पंकज चंद्राकर ग्रुप बागबाहरा के सभी सदस्य व ग्रामवासी मौजूद रहे।