सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदियों को मिलेगा संवैतनिक साप्ताहिक अवकाश
नपाध्यक्ष ने दिए निर्देश – आज से मिलेगा अवकाश का लाभ
महासमुंद। सफाई मित्रों व स्वच्छता दीदियों को अब जल्द ही संवैतनिक सप्ताहिक अवकाश मिलेगा। नपाध्यक्ष ने कर्मचारियों की मांग पर विभाग प्रभारी को आवश्यक व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। जिसके परिपालन में विभाग द्वारा प्रस्तुत रोटेशन को पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने अनुमोदन करते हुए आज से ही कर्मचारियों को इसका लाभ देने के निर्देश दिए हैं।
ज्ञात हो कि नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू के समक्ष गत दिनों स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत कार्य कर रहे सफाई मित्रों ने सुरक्षा उपकरण सहित साप्ताहिक अवकाश के संबंध में अपनी बातें रखी थी। जिसमें पालिका अध्यक्ष ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुये तत्काल सफाई मित्रों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराया था। तथा सप्ताहिक अवकाश के संबंध में शाखा प्रभारी को ऐसी व्यवस्था बनाने का निर्देश दिये थे कि प्रत्येक स्वच्छता दीदीयों, सफाई मित्रों को इसका लाभ मिल सके। उक्त निर्देश के पालन में मिशन क्लीन सिटी ने सफाई मित्रों के लिए रोटेशन तैयार किया है। जिसे पालिका अध्यक्ष ने अनुमोदन करते हुऐ सफाई मित्रों को इसका लाभ देने के निर्देश दिये हैं। विदित हो की नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत कार्यरत स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों के लिए आठ घंटे की कार्यावधि निर्धारित करने के साथ ही साप्ताहिक अवकाश और महीने में एक दिन का संवैतनिक आकस्मिक अवकाश प्रदान करने के संबंध में नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। साथ ही सभी स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों का श्रम विभाग में पंजीयन कराकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान करने के भी निर्देश दिए हैं।
