करणी कृपा पाॅवर प्लांट में बंद हो माइंस बोर का उपयोग

संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन
महासमुंद। खैरझिटी स्थित करणी कृपा पाॅवर प्लांट के अंदर अवैध रूप से संचालित माइंसबोर को तत्काल बंद करने की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर ने तीन दिन में कार्रवाई करने के निर्देश जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और प्रदूषण नियंत्रण विभाग को दिए हैं।
राज्य आंदोलनकारी जिला संगठन प्रभारी अशोक कश्यप ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में खैरझिटी के सरपंच प्रतिनिधि कुंजलाल चेलक, उप सरपंच टीकेलाल जलक्षत्री, कौंवाझर सरपंच वेदलाल जांगड़े, डेविड चंद्राकर, नाथूराम सिन्हा, राधेश्याम साहू, डोमार साहू, दिनेश, अभ्भु, श्याम बाई, पार्वती साहू आदि मौजूद थे। उन्होंने बताया कि बोर मांइस के कारण प्रतिदिन उक्त उद्योग अपने लिए लाखों गेलन पानी प्रति घंटे निकालकर उपयोग कर रहा है। जिससे आसपास के 50 गांवों में भू जल स्तर तेजी से गिरने लगा है। इससे मानव जीवन और पशु जीवन पर जल संकट का खतरा मंडराने लगा है। बोर से पानी लेना तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि करणी कृपा प्लांट बड़े बड़े माइंस बोर से नीचे का पानी दोहन कर रहा है। पावर प्लांट के प्रदूषण से गांवों की स्थिति खराब हो गई है । किसानों ने प्रदूषण और जल संकट से मुक्ति दिलाने कलेक्टोरेट में आवेदन दिया है।