हमाल की जान बचाने के लिए गणेश व शंकर को किया सम्मानित

महासमुंद । मालगाड़ी एक चावल से भरी रैक के एक वैगन के अंदर बंद हमाल को अपनी तात्कालिक सूझबूझ से बाहर निकलवा कर उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले बागबाहरा के गणेश शर्मा व शंकर तांडी को रेल प्रशासन ने बहादुरी पुरस्कार से सम्मानित किया । ईस्ट कॉस्ट रेल डिवीजन संबलपुर से प्रेषित उक्त सम्मानपत्र स्थानीय स्टेशन अधीक्षक डीके सिरमौर एवं डीआरयूसीसी मेम्बर विश्वनाथ पाणिग्रही ने उन्हें सौंपा। उल्लेखनीय है स्थानीय रेलवे स्टेशन में 06 मार्च 2023 को मंदिर हसौद से काकेनाड़ा चावल की रैक लेकर जा रही मालगाड़ी क्रॉसिंग के लिए खड़ी थी। सुबह यात्री ट्रेन का समय था। बीच की लाइन में खड़ी उक्त मालगाड़ी के एक बंद वैगन से किसी आदमी की आवाज के साथ दरवाजा बार- बार ठोंकने की आवाज आ रही थी, जिसने प्लेटफार्म में खड़े गणेश शर्मा एवं शंकर तांडी का ध्यान उस ओर आकर्षित किया । उन्होंने वैगन के पास जाकर सुना तो अंदर से ‘बचाओ -बचाओ ’ की आवाज आ रही थी। दोनों को समझने में देर नहीं लगी कि अंदर आदमी बंद है। उन्होंने तुरन्त सूझ बूझ का परिचय देते हुए सीधे स्टेशन मास्टर के पास जाकर उक्त जानकारी देते हुए कहा कि शीघ्र व्यक्ति को बाहर निकलवाओ नहीं तो वह मर जाएगा । स्टेशन मास्टर ने भी बिना विलंब किए गणेश शर्मा, शंकर तांडी के साथ आरपीएफ को लेकर वैगन के पास पहुंचा और उस हमाल को बाहर निकाला।