ठाकुरदियाखुर्द में पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं ग्रामीण
जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण करेंगे धरना प्रदर्शन
महासमुंद। हर घर नल, हर घर जल, जल जीवन मिशन योजना जिले में लोगों के लिए मजाक बनाकर रह गई है। एक तरफ भीषण गर्मी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की किल्लत से लोग बेहाल हो रहे हैं। ऐसा ही एक गांव है ठाकुरदीया खुर्द जहां के ग्रामीण पेयजल और निस्तारी के लिए तरस रहे हैं। यहां के ग्रामीणों को पानी के लिए 2 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है।
इन दिनों अंचल में पड़ रही झूलसा देने वाली तेज गर्मी से लोग परेशान हैं वहीं दूसरी ओर पेयजल और निस्तारी की समस्या से भी लोगों के समस्या बनी हुई हैं। ठाकुर दिया खुर्द के सामाजिक कार्यकर्ता मेती जांगडे, ग्रामीण रमता प्रसाद ठाकुर, इतवारी चौहान, घासू राम सिन्हा, संतु राम ठाकुर, उप सरपंच श्रीमती हितेश्वरी साहू, पंच श्रीमति अहिल्या जोशी, केशव सिन्हा, यशवंत साहू, केशव साहू, राकेश सिक्या, श्रीमती कुंती जांगड़े, मूलचंद जांगड़े, गणेश जांगड़े ने बताया कि 8 अप्रैल से 11 अप्रैल तक सुशासन तिहार में गांव के वार्ड नं 1 और 2 में एक बोर खनन करने के मांग किया गया है। श्री जांगड़े ने यह बताया की यह मांग पूरी हो जाती हैं तो मुहल्ले वासियों को पेयजल और नहाने के लिए 2 किमी दूर नहीं जाना पड़ेगा। गर्मी के आते ही ग्राम पंचायत ठाकुर दिया खुर्द वार्ड नं 1 में फिर से पानी का भारी संकट शुरू हो गया है। ग्राम पंचायत ठाकुर दिया खुर्द वार्ड नंबर 1 के साथ कुछ मोहल्लों में हालात इतने खराब हैं कि लोग आधी रात को बाल्टी और बर्तन लेकर मोहल्ले के इकलौते चालू बोर में लाइन लगाने को मजबूर हैं। मुहल्ले वासियों को आज पानी कहां से मिलेगा इस बात की चिंता सता रही है। सरकार ने गांवों में पानी की समस्या हल करने के लिए ‘हर घर नल, हर घर जल’ योजना की घोषणा की थी। इस योजना के तहत ठाकुर दिया खुर्द में पानी टंकी का निर्माण तो कर दिया गया है, लेकिन नल कनेक्शन किसी के घर तक नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 2 साल से पानी टंकी बनकर तैयार है पानी की सप्लाई शुरू करने में ठेकेदार और प्रशासन कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। अब स्थिति यह है कि लोगों को इस योजना का लाभ मिल पाएगा या नहीं इस पर संका बनी हुई है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने सिर्फ दीवार में लगे लोहे के पाइप हैं, जिनसे आज तक एक बूंद भी पानी नहीं मिला गांव वालों को। वार्ड नं 1 निवासी मोती जांगड़े ने बताया कि जैसे ही गर्मी शुरू होता है, गांव में पानी की समस्या बिकराल रूप धारण कर लेती है। मोहल्ले में केवल एक बोरिंग है, और इसी से गांव वाले पानी भरते हैं। हालत इतनी खराब है कि लोग रात से ही बाल्टी और डिब्बा लेकर लाइन में लग जाते हैं। कई बार तो लोग पानी के लिए आपस में लड़ाई झगडे पर उतारू हो जाते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि पीएचई विभाग द्वारा जल्द ही पानी की समस्या को दूर नहीं किया गया तो सभी कलेक्टोरेट का समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
पीएचई के एसडीओ किशोर साहू का कहना है नये बोर से टंकी का कनेक्शन जोड़ने के लिए ठेकेदार से कहा गया है। दो चार दिनों में कनेक्शन जोड़ दिया जाएगा।
