युवाओं ने बांटे मिट्टी का बसेरा
गर्मी में पक्षियों लिए दाना-पानी रखने की अपील
महासमुंद। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खल्लारी में फार्मासिस्ट व दो कदम प्रकृति की ओर समिति (संगठन) के संस्थापक संजय साहू (आमाकोनी) ने कहा है कि अभी गर्मी के दिनों में इंसान के साथ साथ पशु-पक्षी को भी बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसीलिए पक्षियों के संरक्षण के उद्देश्य से ‘दो कदम प्रकृति की ओर समिति’ द्वारा रमन-टोला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी महासमुंद में मिट्टी का बसेरा विगत दिनों वितरण किया गया। बसेरा में गौरैया और अन्य छोटी पक्षी आसानी से अपना घोसला बना लेते हैं। उन्होंने अपने घरों में पक्षियों के लिए दाना-पानी रखने के लिए आग्रह किया। टीम द्वारा अब तक गांवों में हर घर बसेरा लगाकर ‘हर ग्राम गौरैया ग्राम अभियान’ चला कर अब तक 07 गांवों को गौरैया-ग्राम बनाया जा चुका है। उसी कड़ी में ‘हर घर बसेरा, घर-घर बसेरा’ अभियान के माध्यम से शहरों में भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जब कोई चिड़िया आपके द्वारा लगाए बसेरा को अपना लेती है और इसका परिवार बढ़ता है, तो आपके घर में भी सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होने लगता है।
