जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सुशासन तिहार आठ से
कोंडागांव, 7 अप्रैल 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार कोंडागांव में भी सुशासन तिहार 8 तारीख से शुरू होने जा रहा है। यह आयोजन जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा और जन संवाद को सशक्त बनाने के उद्देश्य से तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रथम चरण में 8 से 11 तक जिले के जिला कार्यालय, विकासखंड कार्यालय, नगरीय निकायों और सभी 384 ग्राम पंचायतों में समाधान पेटी रखी जाएगी, जिसमें सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इन स्थलों पर समाधान पेटी में आम नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें लिखकर डाल सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि “सुशासन तिहार-2025” के आयोजन के उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा विकास कार्यों में गति लाने के साथ ही आम जनता, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से सीधा संवाद स्थापित करना है।
