सूक्ष्म-लघु उद्योग को बढ़ावा मिलने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे : भाऊराम

सूक्ष्म उद्यम विकास कार्यशाला में शामिल हुए भाऊराम
महासमुंद। शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा सूक्ष्म उद्यम विकास कार्यक्रम के तहत 12 दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला के पंचम दिवस बतौर मुख्य अतिथि भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष व पार्षद भाऊराम साहू शामिल हुए। विशेष अतिथि हर्ष भाऊराम साहू थे। इस दौरान बताया गया कि महाविद्यालय में सूक्ष्म उद्यम विकास पर कार्यशाला आयोजित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता के बारे में जानकारी देना, कौशल विकसित करना और नए व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साहू ने कहा कि इस तरह के कार्यशाला से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। नए और मौजूदा उद्यमियों को व्यवसाय प्रबंधन, मार्केटिंग, वित्तीय प्रबंधन और अन्य महत्वपूर्ण कौशल के बारे में जानकारी मिलने से उद्योग संचालन में सहायता मिलेगी। सूक्ष्म एवं लघु उद्योग को बढ़ावा मिलने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने समय समय पर इस तरह के कार्यशाला की महती आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।