बिजली काटने की धमकी देकर 18 लोगों से 75 हजार रुपए की वसूली
शिकायत पर अज्ञात दो के खिलाफ जुर्म दर्ज
महासमुंद। बकाया बिल जमा न करने पर बिजली कनेक्शन काटने की धमकी देते हुए दो व्यक्तियों ने 18 लोगों से 75 हजार रुपए की अवैध वसूली कर ली। मामले की शिकायत के बाद सिटी कोतवाली में दो अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
कोतवाली पुलिस को सीएसपीडीसीएल तुमगांव में लाईन परिचारक लोकेश ठाकुर ने बताया कि कनिष्ठ यंत्री सीएसपीडीसीएल वितरण केंद्र महासमुंद ग्रामीण ने पत्र जारी कर अनाधिकृत व्यक्ति द्वारा अवैध तरीके से उपभोक्ताओं से पैसा वसूली कर ठगी करने के संबंध में एफआईआर कराने उन्हें निर्देशित किया है। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि उपभोक्ताओं से शिकायत मिली थी कि दो अनाधिकृत अज्ञात व्यक्तियों ने उपभोक्ताओं के घर जाकर उनसे बकाया राशि के भुगतान के नाम पर बिजली कनेक्शन काटने की धमकी देकर अवैध वसूली की है। उक्त अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल से ग्राम मोंगरा के एक उपभोक्ता को धमकी दी है कि पैसे नहीं देने पर तुम्हारा कनेक्शन काट दिया जाएगा तथा ग्राम साल्हेभाठा के उपभोक्ता कुंजलाल ध्रुव द्वारा पैसा न देने पर उनका कनेक्शन काटकर मीटर ले गया है। उक्त मोबाइल नम्बर को ट्रू-कॉलर एप के माध्यम से सर्च करने पर बिजली ऑफिस सीएसपीडीसीएल रायपुर लेखन निर्मलकर प्रदर्शित हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त अज्ञात व्यक्तियों ने 18 उपभोक्ताओं टीकाराम ध्रुव केशवा 10 हजार, संतोष ध्रुव केशवा 9 हजार, योगेश ध्रुव साल्हेभांठा 2 हजार, आनंद दीवान शेर 5 हजार, कुशल साहू शेर 2 हजार, राजेन्द्र साहू शेर 2,500, तीरथ यादव मोरधा 1,000, दयालूराम निषाद कनेकेरा 3 हजार, धन्नू पटेल शेर 3500, संतोष साहू, शेर 1500, दिलीप पटेल शेर 5500, रेखराम साहू शेर 2500, रामलाल चक्रधारी पचेड़ा 3 हजार, जोधन पचेडा 4 हजार, आसकुमार दीवान शेर 5,500, ग्राम धनसुली के तीन उपभोक्ताओं से प्रत्येक से 5 हजार रुपए कुल 15 हजार समेत कुल 75 हजार रुपए की वसूली कर ली। मामले में कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
