बागबाहरा में शासकीय जमीन में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर
4 लोगों ने बनाए थे मकान और बाड़ी
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा में शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया है। राजस्व विभाग और नगर पालिका ने पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई की।
एसडीएम उमेश कुमार साहू के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। तहसीलदार जुगल किशोर पटेल के नेतृत्व में टीम ने बागबाहरा तहसील के खसरा नंबर 49 की घास मद की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया। इस जमीन पर हीरेन्द्र देवांगन समेत तीन अन्य लोगों ने मकान और बाड़ी बना ली थी।
प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस दे दिया था। लेकिन आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण कार्रवाई रोक दी गई थी। राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसडीएम साहू ने बताया कि कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
