नायकराम को जापान में प्रस्तुति पुरस्कार

महासमुंद। शासकीय पीजी कॉलेज में पढ़ाई पूरी करने वाले बागबाहरा विकासखंड के ग्राम पंचायत घोयनाबाहरा कोमाखान निवासी भारतीय शोध विद्यार्थी नायकराम साहू को जापान के योकोहामा में आयोजित होप मीटिंग में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें नोबेल पुरस्कार विजेताओं द्वारा प्रदान किया गया। भारतीय युवा वैज्ञानिक नायकराम ने अपने शोध कार्य के लिए यह पुरस्कार प्राप्त किया है, जो कि बेतार विद्युत स्थानांतरण पर आधारित है। उन्हें इस कार्य के लिए भारत के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय परिषद से अनुदान प्राप्त है। उनकी इस उपलब्धि पर कोमाखान अंचल सहित पूरा महासमुंद जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है। विद्यार्थी नायकराम साहू की प्राथमिक शिक्षा शासकीय स्कूल घोयनाबाहरा, माध्यमिक शिक्षा शासकीय उच्चतर विद्यालय कोमाखान, बीएससी गणित शासकीय पीजी कॉलेज महासमुंद, एमएससी भौतिक विज्ञान शासकीय राजीव लोचन कॉलेज राजिम में हुई। वे अभी वर्तमान में तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में स्थित एनआईटी से भौतिक विज्ञान विषय पर पीएचडी एवं शोध कार्य कर रहे हैं।