गैस की कीमत बढ़ाना जनता के साथ अन्याय: विनोद

महासमुंद। पूर्व संसदीय सचिव एवं महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि घरेलू सिलेंडर में लगभग 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की वृद्धि कर गरीब, मध्यम वर्ग और मेहनतकश जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार और इंडियन आॅयल कॉरपोरेशन खुद यह कह चुके हैं कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है, तो फिर गैस की कीमत बढ़ाना जनता के साथ अन्याय है। श्री चंद्राकर ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव के समय प्रदेशवासियों को 500 रुपये में घरेलू गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद उस वादे को भुला दिया गया। उन्होंने कहा कि पहले गैस सिलेंडर 350 से 400 रुपये में मिलता था, तब भाजपा नेता सड़कों पर विरोध करते थे, लेकिन आज कीमतें 1000 रुपये तक पहुंचने के बावजूद वे चुप हैं। बढ़ती महंगाई से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का रसोई बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।