उधारी पैसे की बात पर मारपीट

महासमुंद। सांकरा के शासकीय शराब दुकान के पास एक चखना दुकान में उधारी पैसे को लेकर मारपीट हो गई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। वार्ड 16 सांकरा निवासी आमिर खान ने पुलिस को बताया कि शासकीय शराब दुकान सांकरा के पास उनकी चखना दुकान है। 25 फरवरी रात 9:30 बजे वह दुकान में था। इसी दौरान गांव का अमित जगदल्ला, त्रिभुवन, अमन भोई व उनके अन्य साथी उनकी चखना दुकान में आकर उधारी पैसा की बात को लेकर गाली देने लगे। मना करने पर सभी ने मिलकर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर अमित जगदल्ला ने डंडे से और त्रिभुवन, अमन भोई व अन्य ने मारपीट की जिससे सिर में चोट आई है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। वहीं अमित जगदल्ला ने शिकायत की है कि वह वाहन चलाने का काम करता है। 25 फरवरी को उधारी पैसा की बात को लेकर अमीर खान, गुलसेर खान, आबिद खान ने गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी, गुलसेर खान ने डंडे से अमीर खान ने चाकू से और आबिद खान ने मारपीट की जिससे अमित को चोटें आई है।