विधायक ने विधानसभा में उठाया फ्लाई एश परिवहन का मुद्दा

सारंगढ़ – सरायपाली स्टेट हाइवे में फ्लाई एश परिवहन से परेशान है ग्रामीण, पूर्व में कर चुके है चक्काजाम
महासमुंद। सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने विधानसभा में फ्लाई एश परिवहन का मुद्दा उठाया। विधायक चातुरी नंद के तारांकित प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने अपने लिखित जवाब में प्रदेश में राखड़ परिवहन के प्रावधान के बारे में बताया कि परिवहन विभाग में मालयान के परिवहन के लिए केंद्रीय मोटरयान नियम 1989 के नियम 138 ख में प्रावधान है। राखड़ परिवहन के विरोध में सारंगढ़ सरायपाली स्टेट हाइवे के संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
मुख्यमंत्री ने अपने लिखित जवाब में यह भी बताया कि परिवहन विभाग द्वारा सारंगढ़- सरायपाली (स्टेट हाइवे) मार्ग से होते हुए आरंग तक राखड़ परिवहन में लगे वाहनों की 1 जनवरी 2024 से 31 जनवरी 2025 की अवधि में जिला परिवहन अधिकारी महासमुंद, प्रभारी परिवहन उड़दस्ता रायपुर, रायगढ़ एवं कोरबा के नेतृत्व में जांच की। कार्यवाही के दौरान कमी पाए जाने पर 206 वाहनों से 21,81,500 रुपए शमन शुल्क वसूल किया गया है। कहा कि मैंने स्वयं कई बार कलेक्टर से फ्लाई एश परिवहन की शिकायत की है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग फ्लाई एश परिवहन पर आंख मूंदे बैठा है और ग्रामीण प्रतिदिन परेशान हो रहे हैं।