शिशु एवं बाल्य ऐकेडमी छग के अध्यक्ष बने डॉ. परदल

महासमुंद। विगत दिनों रायपुर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ राकेश कुमार परदल ने भारतीय शिशु रोग ऐकेडमी की छत्तीसगढ़ शाखा के अध्यक्ष पद की शपथ ली। उनके साथ छग की नई टीम ने अपना पदभार ग्रहण किया। प्रदेश सचिव डॉ. निलय मोझरकर के साथ रायपुर ऐकेडमी के अध्यक्ष डॉ. पवन जैन, सेक्रेटरी डॉ. चितरंजन एवं छत्तीसगढ़ एडोलोसेंट ऐकेडमी की अध्यक्ष डॉ. संगीता जोशी व सचिव डॉ. नीतिका जैन ने शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह शिशु ऐकेडमी केन्द्रीय बोर्ड सदस्य डॉ. केपी साराभाई की उपस्थिति में हुआ।
अध्यक्षीय उद्वोधन में डॉ. परदल ने अपने कार्यकाल की प्राथमिकताओं की रुपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष थीम ‘स्वस्थ बच्चा राष्ट्र का गौरव’ रहेगा, जिसके लिए स्कूल हेल्थ कार्यक्रम, किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, बच्चों के टीकाकरण कार्यक्रम एवं पोषण के विषय में जागृति लाना, बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वस्थ को बेहतर बनाने के लिए कार्य किया जाएगा। बच्चों में कैंसर एवं गैर संचारी रोगों जैसे ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, मोटापा आदि को रोकने के लिए छग ऐकेडमी के सदस्य योगदान देंगे। साथ ही एनीमिया मुक्त भारत बनाने के लिए बच्चो में पोषण आहार एवं कृमि मुक्ति के लिए जानकारी प्रदान करेंगे।