कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने किया विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण
मतदान कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों एवं मतदाताओं से की बातचीत
बालोद, 23 फरवरी 2025। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल एवं सीईओ जिला पंचायत एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के रिटर्निंग आफिसर डाॅ. संजय कन्नौजे ने आज तीसरे एवं अंतिम चरण के मतदान के अंतर्गत गुरूर एवं गुण्डरदेही विकासखण्ड के विभिन्न मतदान केन्द्रों में पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने मतदान केन्द्र भूलनडबरी, धनेली, बोडरा, भोथली, कोसागोंदी, अरमरीकला, बेलोदी, हल्दी एवं सिकोसा का निरीक्षण कर मतदान के कार्यों का अवलोकन किया। श्री चन्द्रवाल ने मतदान अधिकारियों से मतदान के संबंध में आवश्यक जानकारी ली और मतदान कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केन्द्र में उपस्थित मतदाताओं से बातचीत कर मतदान केन्द्र के व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे द्वारा भी गुण्डरदेही विकासखण्ड के विभिन्न मतदान केन्द्रों में पहुँचकर मतदान कार्य का अवलोकन किया गया। उन्होंने गुण्डरदेही विकासखण्ड के मतदान केन्द्र पैरी, सिकोसा एवं कलंगपुर तथा गुरूर विकासखण्ड के मतदान केन्द्र धनोरा एवं बोडरा में उपस्थित अधिकारियों से मतदान केन्द्र के व्यवस्थाओं के अलावा मतदान की कुल प्रतिशत आदि के संबंध में जानकारी ली। इस मौके पर पंचायत विभाग के उप संचालक आकाश सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
