भारतीय डाक सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने राष्ट्रपति से की मुलाकात
नई दिल्ली, 13 फरवरी 2025। भारतीय सिविल लेखा सेवा, भारतीय डाक और दूरसंचार (वित्त एवं लेखा) सेवा, भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा (लेखा) और भारतीय डाक सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों के एक समूह ने आज (13 फरवरी, 2025) राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि चाहे सार्वजनिक वित्त प्रबंधन हो या पूरे देश में निर्बाध संपर्क और संचार सुनिश्चित करना हो, युवा अधिकारियों के पास अपने कामकाज के माध्यम से राष्ट्र के विकास और समृद्धि में प्रत्यक्ष रूप से योगदान देने का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जैसे-जैसे भारत नवाचार और डिजिटल पहलों पर ध्यान केंद्रित करते हुए सतत और समावेशी विकास की ओर बढ़ रहा है, उनके जैसे युवा लोक सेवकों के पास महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।