जनपद सदस्य ने भोजन शेड का किया शुभारंभ
महासमुंद। शास. पूर्व माध्य. विद्यालय कसेकेरा में जनपद सदस्य कल्पना यादव द्वारा नव निर्मित भोजन शेड का शुभारंभ किया गया। जनपद सदस्य मद से स्वीकृत उक्त शेड को प्रधान पाठक डाॅ. विजय शर्मा एवं शिक्षकों ने नियोजित तरीके से सामुदायिक पहल से मजबूत और आकर्षक बनाने के लिए तकनीकी ढंग से निर्माण कराया। जिसमें कबाड़ से पुराने टेबल का उपयोग करते हुए स्लोगन स्टैंड, प्लेन बोर्ड स्टैंड की सहायता से समाचार पत्रों की कतरन, वाल मैगजीन, ड्राइंग, पेंटिग प्रदर्शनी बोर्ड, फोटोज स्टैंड, गमला स्टैंड का निर्माण कराया और भोजन शेड को मिनी ऑडोटोरियम बनाया। जिसमें 200 बच्चे सभा में बैठकर कार्यक्रम कर सकते हैं। खुले ऑडोटोरियम के किनारे विभिन्न प्रकार के पौधे गमलों में सजाए गए हैं। साथ ही पालकों की मदद से घरों से वेस्टेज प्लास्टिक बाल्टी, डिब्बे की सहायता से प्लांट की नर्सरी तैयार की। पथरीले व 1000 वर्ग फीट जगह में 72 प्रकार के औषधीय पौधे, पोषण वाटिका तैयार किया गया है। साथ ही प्रधान पाठक ने सामुदायिक प्रयास से पहाड़ी में हरियाली, जैव विविधता संरक्षण, जल संरक्षण जैसे कार्य को जनसहभागिता की मिसाल बनाई। उन्होंने कहा हम बच्चो को पर्यावरण, विज्ञान की शिक्षा के साथ अपने लिए ऑक्सीजन, औषधि के लिए आत्मनिर्भर बनाने बच्चो को प्रेरित करते हैं।
