आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आदिवासी समाज ने घेराव किया थाना

पुलिस आश्वासन के बाद घेराव किया खत्म
महासमुंद। जिले के ग्राम गोंगल के एक शिक्षक में साथ हुई मारपीट और गाली गलौज के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ़्तारी नहीं होने से आक्रोश आदिवासी समाज ने रविवार को रैली निकालकर पटेवा थाना का घेराव किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। वही पुलिस के आश्वासन के बाद आदिवासी समाज ने घेराव समाप्त किया।
दरअसल गोंगल के शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक लुकेश्वर सिंह ध्रुव के साथ 20 दिसंबर को खगेश पटेल और सुमित गिलहरे ने स्कूल परिसर में घुस कर उनके साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां दी। पीड़ित शिक्षक ने पटेवा थाना में शिकायत करते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी करने में नाकाम रही है। इससे आक्रोशित समाज के लोगों ने रविवार को बुड़ादेव स्थल से रैली निकाल नारेबाजी करते हुए थाना पहुंचे। वहां समाजजनों ने थाने का करीब तीन घंटे तक घेराव किया और न्याय की मांग करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में लापरवाही बरत रहा है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास किया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। आदिवासी समाज ने यह साफ कर दिया है कि वे अपने अधिकारों और न्याय के लिए लड़ते रहेंगे। अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन मामले में कितने मुस्तैदी से प्रभावी कार्रवाई करता है।