28 हाथियों का दल पहुँचा पतेरापाली, 100 पैकेट धान को किया चट

ग्रामीणों में दहशत का माहौल, वन विभाग द्वारा किया जा रहा है जागरूक
महासमुंद 14 दिसम्बर 2024। जिले के सरायपाली ब्लॉक के अंचल में एक बार फिर से हाथियों ने दस्तक दे दी है। सुदुर वनांचल क्षेत्र पतेरापाली में आज लगभग 25-30 हाथियों के दल ने कुछ किसानों के धान को काफी नुकसान पहुँचाया है। इनमें किसानों के द्वारा बिक्री के लिए खलिहान में रखे गए धान में से कई पैकेट धान को वे खा गए हैं, जबकि कई पैकेटों को तहस-नहस कर दिया है। फिलहाल हाथियों का झुण्ड पतेरापाली के आस-पास ही मौजूद है, जिससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। वहीं वन विभाग के द्वारा मुनादी करवाकर गाँवों में सचेत रहने व हाथियों से बचने के उपाय बताये जा रहे हैं।
सरायपाली अंचल में समय-समय पर हाथियों का दल पहुँचता रहा है। बीते सितंबर माह में भी गोमर्डा की ओर से कुछ हाथियों के एक दल ने पहुँचकर सीमावर्ती गांवों में काफी उत्पात मचाया था। आज एक बार फिर वनांचल ग्राम पतेरापाली में हाथियों ने किसानों के धान को नुकसान पहुँचाया है। पतेरापाली के ग्रामीणों ने बताया कि आज सुबह लगभग 4 बजे 25 से 30 हाथियों का एक दल यहाँ पहुँच गया और कृष्णचंद्र बरिहा के घर के पास खलिहान में रखे लगभग 30-40 पैकेट धान को वे खा गए। इसके अलावा आस-पास के अन्य तीन किसानों के भी लगभग 40-50 पैकेट धान को नुकसान पहुँंचाया है। अचानक हाथियों के आमद से क्षेत्र वासियों में काफी दहशत फैल गई है।
इस संबंध में वन विभाग के रेंजर प्रत्युष तांडे से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि 28 हाथियों का एक दल पतेरापाली में आया था। वहाँ कुछ किसानों के द्वारा इकट्ठा किया हुआ धान खाकर वे वापस चले गए। वर्तमान में हाथियों का दल पतेरापाली बीट क्रमांक 402-403 में मौजूद है। वन विभाग के द्वारा पतेरापाली सहित सहजपानी, सरगुनाभांठा, समदरहा आदि पास के गाँवों में मुनादी करवा दी गई है तथा ग्रामीणों को सचेत रहने के सलाह दिये जा रहे हैं। श्री तांडे ने कहा कि इन गाँवों में पूर्व में भी गजयात्रा के माध्यम से हाथियों के आने पर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई है। समय- समय पर वन विभाग द्वारा अभियान चलाकर ग्रामीणों को हाथियों से बचने के लिए जागरूक किया जाता है। कल पुन: एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर ग्रामीणों को सुरक्षात्मक उपाय बताये जाएंगे।