शासन की जन हितैषी योजना बना दिव्यांग शत्रुघ्नन के परिवार के बेहतर जीवन का आधार
बालोद, 2 दिसम्बर 2024। केन्द्र व राज्य सरकार के द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाएं समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सुखमय जीवन का आधार बन गया है। उल्लेखनीय है कि आमजनों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा उनके बेहतर भविष्य के निर्माण हेतु शासन द्वारा विभिन्न जन हितैषी योजनाएं संचालित की जा रही है। जिले में इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के फलस्वरूप शासन की विभिन्न लोक हितैषी योजनाएं आम जनता के जीवन के बदलाव का आधार बन रही है। ऐसा ही एक बदलाव ग्राम लोंडी में रहने वाले दिव्यांग शत्रुघ्न के परिवार में भी आया है। लगभग 55 वर्ष उम्र के दिव्यांग शत्रुघ्न ने बताया कि दिव्यांगता की वजह से उसे काम करने और रोजी-रोटी में काफी समस्या रहती थी। कच्चा मकान और घर में किसी प्रकार की सुविधा न होने से उनका परिवार कई प्रकार की समस्याओं से घिरा हुआ था। शत्रुघ्न ने बताया कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उन्हें एवं उनके परिवार को मिला है, जिससे उनका कभी न देखा हुआ सपना भी पूरा हुआ है। उसने बताया कि उनका परिवार पहले कच्चे जर्जर आवास में रहता था। जहाँ बारिश के पहले खपरैल युक्त छत का मरम्मत कराने में भी वह असमर्थ था। ऐसे समय में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का आवास की स्वीकृति मिली और अब वे अपने नये पक्के आवास में खुशी-खुशी निवासरत है। उसने बताया कि आवास के साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत उनके घर में शौचालय का भी निर्माण हुआ है। जिससे उसे व परिवार को काफी सुविधा हुई है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन भी मिला है। जिससे प्रतिदिन भोजन निर्माण में सुविधा हुई है। शत्रुघ्न ने बताया कि उसकी पत्नी को प्रति माह महतारी वंदन योजना के तहत एक हजार रुपये राशि भी प्राप्त होती है। इसका उपयोग वह घर के छोटे-मोटे कार्यों को पूरा करने में करती हैं। शत्रुघ्न के परिवार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी योजनाओं ने हमारे परिवार कि दशा और दिशा को बेहतर किया है। इसके लिए हम उन्हें कोटि-कोटि धन्यवाद देते है।
