बस का इंतजार कर रहा था गांजा तस्कर, पुलिस ने दबोचा
जुनागढ़ से मंडला ले जा रहा था 4.14 लाख रुपए का गांजा, बैग से 8.290 किलो गांजा बरामद; मोबाइल समेत 4.24 लाख रुपए की संपत्ति जब्त
महासमुंद। कोमाखान पुलिस ने एनएच-353 पर ग्राम टेमरी स्थित काली मंदिर के पास एक युवक को 8.290 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा और मोबाइल समेत कुल 4 लाख 24 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को कोमाखान चौराहे पर एनएच-353 से गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम टेमरी में काली मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति बैग में गांजा लेकर बस के इंतजार में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम शिबु मुण्ड (27), पिता सुमंत कुमार मुण्ड, निवासी बनीजरा, थाना जुनागढ़, जिला कालाहांडी, ओडिशा बताया। उसके पास रखे बैग की तलाशी लेने पर उसमें 8.290 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 14 हजार 500 रुपए बताई गई। इसके अलावा पुलिस ने उसके कब्जे से 10 हजार रुपए कीमत का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।
जुनागढ़ से मंडला ले जा रहा था गांजा
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा जुनागढ़ (ओडिशा) से खरीदकर मंडला (मध्यप्रदेश) ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोमाखान में धारा 20(बी)(II)(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
