नन्हे बच्चों ने पालिका अध्यक्ष को बांधी राखी, ट्रॉफी भेंट कर दिया भाईचारे का संदेश

बचपन प्ले स्कूल के बच्चों ने नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू से की आत्मीय मुलाकात, मिठाई बांटकर मनाया रक्षाबंधन
महासमुंद। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर नगर पालिका कार्यालय में बुधवार को भावपूर्ण और आत्मीय माहौल देखने को मिला। बचपन प्ले स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चे नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू से मिलने पहुंचे। बच्चों ने अध्यक्ष को ट्रॉफी भेंट की और स्नेह के प्रतीक के रूप में उन्हें राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
बच्चों के कार्यालय पहुंचते ही माहौल खुशनुमा हो गया। उनकी मासूम मुस्कान और किलकारियों से पूरा कार्यालय गूंज उठा। नगर पालिका अध्यक्ष साहू ने बच्चों का स्नेहपूर्वक स्वागत किया और उन्हें दुलार करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के शिक्षकों द्वारा संस्कार, संस्कृति और पर्वों से जोड़ने के प्रयासों की भी सराहना की।
निश्छल प्रेम समाज को जोड़ने की ताकत : साहू
अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि बच्चों का निश्छल प्रेम और अपनापन समाज को जोड़ने की असली ताकत है। रक्षाबंधन जैसे पर्व हमें आपसी प्रेम, भाईचारे और रिश्तों की मजबूती का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को भारतीय संस्कृति और पारंपरिक पर्वों के महत्व से परिचित कराना भी समाज की जिम्मेदारी है, ताकि नई पीढ़ी अपनी परंपराओं और संस्कारों से जुड़ी रहे।
मुलाकात के दौरान अध्यक्ष साहू ने बच्चों के साथ फोटो खिंचवाई और उन्हें मिठाइयां भी बांटी। बच्चों की यह आत्मीय भेंट नगर पालिका कार्यालय में मौजूद लोगों के लिए भी खास आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहन के स्नेह के साथ-साथ नई पीढ़ी को संस्कार और संस्कृति से जोड़ने का संदेश दिया।