राष्ट्रीय खेल दिवस पर महासमुंद में होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’
जयदेव सत्पथी शासकीय महाविद्यालय और रामचंडी महाविद्यालय सरायपाली में जुटेंगे युवा, प्रधानमंत्री आज वर्चुअल माध्यम से करेंगे संबोधित
महासमुंद। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इस वर्ष देशभर में युवा सहभागिता, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 27 अगस्त को जिले के दो महाविद्यालयों में ‘खेलो इंडिया संवाद’ के तहत युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों और देश के भविष्य को एक साझा मंच पर जोड़ना तथा खेलों के क्षेत्र में हुए बदलावों से युवाओं को अवगत कराना है।
जिले में यह कार्यक्रम स्व. जयदेव सत्पथी शासकीय महाविद्यालय तथा रामचंडी महाविद्यालय, सरायपाली में आयोजित होगा। कार्यक्रम में युवाओं को पिछले 12 वर्षों में देश के खेल क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण बदलाव, खेल अधोसंरचना के विकास और भारत में तैयार हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी दी जाएगी। साथ ही खेल और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाएं भी सुनी जाएंगी।
कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। प्रधानमंत्री देशभर में लगभग 1600 स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। इसके लिए कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी अतिथियों एवं युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद का आयोजन होगा।
प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात माय भारत वालंटियर्स एवं स्थानीय खिलाड़ियों के बीच विशेष संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें पिछले 12 वर्षों के दौरान देश के खेल बुनियादी ढांचे में हुए बदलाव, खिलाड़ियों के लिए विकसित सुविधाओं तथा भारत में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा होगी। इसके बाद करीब 15 मिनट का युवा संवाद आयोजित किया जाएगा, जिसमें महाविद्यालयों के युवा अपने विचार, सुझाव और खेल एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ी अपनी आकांक्षाएं साझा करेंगे।
राष्ट्रीय खेल दिवस प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी और देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन 27 अगस्त से व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। ‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ उन्हें स्वस्थ, सक्रिय और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
