कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्र का लिया जायजा
बेमेतरा, 9 नवंबर 2024। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने शनिवार को धान उपार्जन केंद्र बीजाभाट का दौरा कर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपार्जन केंद्र पर पहुँचकर डमी किसान के माध्यम से धान उपार्जन की कम्प्यूटर प्रक्रिया को समझा और उसकी बारीकियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने किसानों की सुविधा के लिए धान खरीदी केंद्र पर छाया, पानी, और बैठने की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पाया कि शौचालय की सफ़ाई की स्थिति संतोषजनक नहीं थी, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल बेहतर सफ़ाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने यह भी कहा कि किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके बाद उन्होंने बेरला के धान संग्रहण केंद्र का भी अवलोकन किया। चबूतरा आदि व्यवस्थित एवं सफाई के निर्देश दिए। इस मौके पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बेरला सुश्री पिंकी मनहर खाद्य अधिकारी गणेश कुर्रे, डिप्टी रजिस्टर कॉपरेटिव बसंत कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी साथ थे।
