धान खरीदी में 91 लाख का फर्जीवाड़ा, आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली, 22 अक्टूबर 2024। धान खरीदी केंद्र में फर्जीवाड़ा करने वाले आरोपी रामदास बंजारे को पुलिस ने बिलासपुर के पास घेरा बंदी कर मंगलवार को गिरफ्तार किया। गुरुवाइनडबरी धान खरीदी केंद्र प्रभारी रहते हुए इसने फर्जीवाड़ा कर शासन को 91 लाख 68 हजार से अधिक का चुना लगाया था।
धान खरीदी में गड़बड़ी का मामला सामने आने पर कलेक्टर राहुल देव के निर्देश पर केन्द्र प्रभारी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गई थी। एसपी भोजराम पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी लोरमी श्रीमती माधुरी धीरही के नेतृत्व में थाना लालपुर एवं साइबर सेल की टीम द्वारा आरोपी रामदास बंजारे की गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित स्थानों पर छापेमारी की गई। एफआईआर के बाद से आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। इस दौरान सूचना मिली कि आरोपी बिलासपुर के तिफरा में नाम पता बदल कर रह रहा था। सूचना पर थाना लालपुर और साइबर सेल की टीम को गिरफ्तारी के लिए भेजा गया और तिफरा के पास आरोपी को घेराबंदी करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
सहायक आयुक्त सहकारिता हितेश श्रीवास ने बताया कि रामदास बंजारे द्वारा पिछले साल धान खरीदी के दौरान 25 सौ क्विंटल से अधिक धान का गबन किया गया था। इसके साथ ही किसानों से खरीदे गए धान में से 600 बोरी धान को श्याम राईस प्रोडक्ट बरेला के ट्रक क्रमांक सीजी 12 एस 2108 में लोड कराया गया था। जिसके लिए धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। जांच में पाया गया कि लगभग 91 लाख 68 हजार के धान का फर्जीवाड़ा किया गया है।