स्वच्छता अभियान ने लिया जनआंदोलन का स्वरूप : मुख्यमंत्री

राजनांदगांव 28 सितम्बर 2024। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल शनिवार राजनांदगांव के ग्राम बरगा में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पाण्डेय उपस्थित थे। इस अवसर पर 32 करोड़ 7 लाख 60 हजार रूपए के 35 कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण तथा विभिन्न हितग्राहियों को सामग्री का वितरण भी किया गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि पूरे देश में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से 17 सितम्बर से महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान से हम सभी को गली-चौराहे, मोहल्ले, स्कूल, कार्यालय, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरणा मिली।
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि जल जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप देश में कैच द रैन अभियान चलाया जा रहा है। जिससे बारिश के पानी का जमीन में जल संरक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान से राजस्थान, मध्यप्रदेश एवं अन्य राज्य जुड़े हैं। उन्होंने ग्राम बरगा में जल संरक्षण के लिए तथा जल आपूर्ति के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रसंशा की। भू-जल स्तर नीचे चला गया था, लेकिन बोर करने के बाद पानी मिलने लगा और आने वाले वर्षों में इस तरह की सामूहिक पहल प्रदेश के लिए नया मॉडल बनेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति महात्मा गांधी ने कहा था कि स्वतंत्रता के साथ ही स्वच्छता भी उतनी ही आवश्यक है। बापू के सपने को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाथ में झाडू पकड़कर शुरूआत की।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जल ही जीवन है, इस बात को ग्रामीणों से ज्यादा अच्छे से कोई नहीं जानता है। पीने के पानी की चिंता, खेत के पानी के लिए चिंता होती है। इसके लिए जिले में जल संरक्षण के लिए एक अभियान के रूप में कार्य किया जा रहा है। स्वच्छता ही सेवा है इस संदेश को ग्रहण करते हुए जिले में स्वच्छता के लिए व्यापक तौर पर कार्य किए गए है।
उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार की कैबिनेट की पहली बैठक में प्रदेश के नागरिकों के लिए प्रधानमंत्री आवास निर्माण का लक्ष्य पूरा करने का संकल्प लिया गया था और उसके तहत पूरे प्रदेश में 9 लाख 37 हजार प्रधानमंत्री आवास निर्माण की स्वीकृति दी गई है। 90 हजार प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति प्रक्रियाधीन है और इसे भी शीघ्र स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वच्छ भारत मिशन पर वीडियो का प्रस्तुतीकरण दिया गया। सूची एप एवं जल प्रबंधन एप लॉन्च किया गया। एफएक्यू बुकलेट एवं एक कदम जल प्रबंधन की ओर बुकलेट का विमोचन किया गया। जिला प्रशासन राजनांदगांव द्वारा स्वच्छता ही सेवा पर वीडियो प्रस्तुतीकरण दिया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सीआर पाटिल द्वारा फिक्ल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट बघेरा का वीडियो के माध्यम से इनॉगरेशन व लोकार्पण किया गया। जिले के विभिन्न विकास कार्यों का वीडियो के माध्यम से भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। युवोदय वीडियो लॉन्च एवं कटआउट प्रदर्शन, युवोदय ओडीएफ प्लस पोस्टर लॉन्चिंग, युवोदय बच्चों द्वारा स्वच्छता पर नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता में बेहतर प्रयास वाले राजनांदगांव, डोंगरगांव एवं छुरिया विकासखंड का सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। अतिथियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता साहू, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, खूबचंद पारख, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, भरत वर्मा, रमेश पटेल, सरपंच बरगा कुमार सोनवानी, संयुक्त सचिव केन्द्रीय जल शक्ति मंत्रालय अशोक मीणा, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी दीपक झा, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने आभार प्रदर्शन किया।