मुख्यमंत्री- केंद्रीय मंत्री ने प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का मुआयना किया

राजनांदगांव 28 सितम्बर 2024। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने डोंगरगांव के ग्राम अमलीडीह में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का मुआयना किया। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में किये जा रहे इन प्रयासों की उन्होंने प्रशंसा की। इस दौरान उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पाण्डेय उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने महिला स्वसहायता समूह से चर्चा करते हुए कहा कि आपका यह प्रयास राज्य और देश में पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन की दिशा में प्रेरक प्रयास है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से हम प्लास्टिक कचरे को रिसाइकिल कर पर्यावरण को हो रहे नुकसान को कम कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि महिला समूह ने अपने विशेष प्रयासों से रोजगार प्राप्त कर स्वावलंबी बनने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विशेष योगदान दिया है।
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने महिला स्वसहायता समूह की प्रशंसा करते हुए कहा कि महिलाएं आज देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपने हुनर एवं मेहनत से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहीं हैं एवं देश के विकास में सार्थक भूमिका निभा रहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरे से जल, मृदा, हवा प्रदूषित हो रहा है। बढ़ते प्लास्टिक कचरे से जीव-जंतु का स्वास्थ्य बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है।