खेल मैदान, कमरा सबकी सुविधा मिलेगी मंत्री ने दिलाया भरोसा, बच्चों को बांंटी साइकिल
बलरामपुर 28 सितम्बर 2024। आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने बलरामपुर प्रवास के दौरान स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय रामानुजगंज में साइकिल वितरण कार्यक्रम में शिरकत हुए। इस अवसर पर वरिष्ट जनप्रतिनिधि सुभाष केशरी, जनपद उपाध्यक्ष बलरामपुर भानूप्रकाश दीक्षित, मंडल अध्यक्ष रामानुजगंज शर्मिला गुप्ता, पार्षद राजनाथ विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अनुविभागीय अधिकारी रामानुजगंज देवेन्द्र प्रधान, जिला शिक्षा अधिकारी डीएन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।
मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं उनके अभिभावकों से भी संवाद किया। उन्होंने बच्चों से भविष्य में किस क्षेत्र में सेवाएं देना चाहते हैं संबंधित सवाल भी पूछे। बच्चों ने सहजता एवं सरलता के साथ मंत्री द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब भी दिया। तत्पश्चात श्री नेताम ने शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती सायकल योजना के तहत कुल 85 छात्राओं को साइकिल का वितरण किया। जिसमें स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय रामानुजगंज के 16, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुजगंज के 48 तथा शासकीय हाई स्कूल कनकपुर के 21 छात्राएं लाभान्वित हुए।
श्री नेताम ने अपने उद्बोधन में कहा कि आप सभी बच्चे देश के नागरिक हैं, आपके परिजनों को आप सभी पर गर्व है। उन्होंने कहा कि बच्चे मेहनत और परिश्रम कर अपने माता-पिता का नाम रोशन करें। इस अवसर पर श्री नेताम ने बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी। मंत्री ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के संबंध में आश्वस्त करते हुए मिनी मैदान के समतलीकरण, खेल मैदान बनाने, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय रामानुजगंज में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, स्कूल में शेड निर्माण तथा शासकीय हाई स्कूल कनकपुर में साइकिल स्टैंड एवं अहाता निर्माण की घोषणा की। घोषणा के क्रियान्वयन के लिए उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी रामानुजगंज को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।
