कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं करने पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, देव राइस मिल सील
गुरुर की तीन राइस मिलों से 29,754 क्विंटल धान और 2,910 क्विंटल चावल जब्त, भौतिक सत्यापन में मिली अनियमितता
बालोद, 27 नवंबर 2026/समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान की कस्टम मिलिंग के बाद निर्धारित मात्रा में चावल जमा नहीं करने वाले राइस मिलर्स के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के सशक्त नेतृत्व एवं निर्देशानुसार खाद्य विभाग द्वारा जिले की राइस मिलों का आज भौतिक सत्यापन कर कार्रवाई की गई। इस दौरान गुंडरदेही विकासखंड स्थित देव राइस मिल को सील किया गया, वहीं गुरुर विकासखंड की तीन राइस मिलों से बड़ी मात्रा में धान और चावल जब्त किया गया।
खाद्य विभाग की टीम द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन के दौरान गुरुर विकासखंड स्थित सद्गुरु, कंचन एवं गोलछा राइस मिलों में उपलब्ध स्टॉक की जांच की गई। जांच के दौरान इन मिलों से कुल 29,754 क्विंटल धान एवं 2,910 क्विंटल चावल जब्त किया गया। वहीं, गुंडरदेही विकासखंड स्थित देव राइस मिल में कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं किए जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए मिल को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई सहायक खाद्य अधिकारी जानकीशरण कुशवाहा, खाद्य निरीक्षक येकांत वर्मा एवं नरेश पिपरे और खाद्य विभाग की टीम के द्वारा की गई है।
शासकीय धान और चावल के भंडारण पर प्रशासन की कड़ी नजर
जिला प्रशासन द्वारा कस्टम मिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने तथा शासन के निर्देशों के अनुरूप चावल जमा कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि शासकीय धान एवं चावल के भंडारण और कस्टम मिलिंग से संबंधित नियमों का पालन अनिवार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि धान खरीदी एवं कस्टम मिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा शासन के हितों से जुड़ी किसी भी अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
