धान खरीदी में किसानों से भराई-तौलाई के नाम पर वसूली की तो होगी कार्रवाई

प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने चार उपार्जन केंद्रों और मंडी का किया निरीक्षण, किसानों को सुविधाजनक खरीदी व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश
महासमुंद। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसानों से भराई और तौलाई के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि वसूलने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। छत्तीसगढ़ शासन की अपर मुख्य सचिव एवं महासमुंद जिले की प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने गुरुवार को जिले के धान खरीदी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान यह सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही समितियों को हमालों को धान भराई की राशि का भुगतान सुनिश्चित करने कहा।
प्रभारी सचिव ने बिरकोनी, तुमगांव, बेमचा और कोसरंगी धान उपार्जन केंद्रों के साथ पिटियाझर मंडी का निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने टोकन व्यवस्था, धान की गुणवत्ता, हमालों की उपलब्धता, किसानों की सुविधाओं और भंडारण की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित खाद्य, मार्कफेड और राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बिरकोनी केंद्र में किसान राजेश चंद्राकर ने बताया कि उनके पास 53 एकड़ कृषि भूमि है और वे धान विक्रय के लिए टोकन लेने पहुंचे हैं। वहीं किसान जीवन लाल द्वारा 144 क्विंटल धान विक्रय के लिए लाए जाने पर खरीदी प्रक्रिया का निरीक्षण किया गया। केंद्र प्रभारी ने बताया कि गुरुवार को 13 किसानों को टोकन जारी किए गए तथा 15 हमाल कार्यरत हैं।
खसरा मैपिंग समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश
प्रभारी सचिव ने कहा कि जिन किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनके प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। एग्रीस्टेक के माध्यम से भूमि विवरण सिंक कर खसरा मैपिंग की जाएगी। पात्र किसानों की मैपिंग निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। यह प्रक्रिया धान खरीदी की अवधि 15 जनवरी 2027 तक की जा सकेगी।
तुमगांव केंद्र में अब तक आठ किसानों द्वारा धान विक्रय तथा गुरुवार को एक किसान द्वारा 16 क्विंटल धान बेचने की जानकारी दी गई। बेमचा केंद्र में 59 किसानों द्वारा धान बेचा जा चुका है और गुरुवार को 20 किसानों के टोकन जारी किए गए।
भंडारण और सुरक्षा पर विशेष जोर
प्रभारी सचिव ने धान की सुरक्षा के लिए पर्याप्त कवर और ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। बिरकोनी केंद्र में जांच के दौरान धान में 16 प्रतिशत नमी पाई गई। उन्होंने गुणवत्ता के अनुरूप खरीदी करने तथा बफर स्टॉक के लिए अलग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। किसानों को धान के स्थान पर अन्य फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।
जिले में 159 समितियों के माध्यम से 202 खरीदी केंद्र संचालित हैं। इनमें 1,62,566 किसान पंजीकृत हैं। वर्ष 2026-27 में 11,17,884 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य है। 25 नवंबर तक 7,240 किसानों से 19,247.88 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। वहीं 149 समितियों में 1,910 किसानों ने 35.77 हेक्टेयर रकबा समर्पित किया है।

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.