47 हजार कट्टा सरकारी धान गायब, राइस मिल सील

268 क्विंटल चावल जब्त, कोंडागांव, बलौदाबाजार और बस्तर में चावल जमा नहीं करने पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
महासमुंद। सरकारी धान की कस्टम मिलिंग में अनियमितता और निर्धारित जिलों में चावल जमा नहीं करने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बागबाहरा विकासखंड के ग्राम कल्याणपुर स्थित उत्कल एग्रोटेक राइस मिल को आगामी आदेश तक सील कर दिया है। मिल के भौतिक सत्यापन में 47 हजार 64 कट्टा शासकीय धान की कमी सामने आई है। वहीं, मिल परिसर में उपलब्ध 268 क्विंटल चावल भी मौके पर जब्त किया गया है। खाद्य, राजस्व एवं विपणन संघ की संयुक्त टीम की जांच के बाद की गई इस कार्रवाई से धान खरीदी और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में गड़बड़ी करने वाले मिलर्स में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर संयुक्त जांच दल ने उत्कल एग्रोटेक राइस मिल में उपलब्ध शासकीय धान एवं चावल के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। जांच में सरकारी धान की बड़ी मात्रा में कमी पाए जाने के साथ ही शासन द्वारा निर्धारित जिलों में चावल जमा नहीं करने का मामला भी सामने आया। इसके बाद प्रशासन ने मिल में तालाबंदी कर उसे सील कर दिया। जब्त चावल को भी मौके पर ही कब्जे में लिया गया।
तीन जिलों में जमा करना था 8,371 क्विंटल चावल
शासन के निर्देशानुसार उत्कल एग्रोटेक राइस मिल को अन्य जिलों में कुल 8,371 क्विंटल चावल जमा करना था। इसमें कोंडागांव जिले में 650 क्विंटल, बलौदाबाजार जिले में 3,386 क्विंटल और बस्तर जिले में 4,335 क्विंटल चावल जमा करने का लक्ष्य निर्धारित था। लेकिन निर्धारित मात्रा में चावल जमा नहीं किए जाने पर प्रशासन ने मिल के स्टॉक की जांच कराई। सत्यापन में 47 हजार 64 कट्टा शासकीय धान कम मिलने के बाद कार्रवाई की गई।
अन्य मिलर्स पर भी प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन अब अन्य राइस मिलों के स्टॉक और चावल जमा करने की स्थिति की भी जांच कर रहा है। इसके लिए संबंधित मिलर्स को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। शासकीय धान के भंडारण, उठाव और कस्टम मिलिंग के बाद चावल जमा करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्पष्ट किया है कि शासकीय धान में अनियमितता, निर्धारित मात्रा में चावल जमा नहीं करने तथा नियमों के उल्लंघन पर संबंधित मिलर्स के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि धान खरीदी और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अन्य राइस मिलों की जांच और कार्रवाई का सिलसिला भी आगे जारी रहेगा।

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.