धान खरीदी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर सप्ताह खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करेंगे नोडल अधिकारी
अवैध धान की आवाजाही रोकने अनुविभागों में बनेंगे चेक पोस्ट
महासमुंद। आगामी धान खरीदी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी केंद्रों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं। जिला स्तरीय नोडल अधिकारी खरीदी अवधि में प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक बार अपने आबंटित केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। वहीं अवैध धान की आवाजाही पर अंकुश लगाने के लिए संवेदनशील स्थानों पर चेक पोस्ट स्थापित किए जाएंगे। कलेक्टर ने बारदाने की एंट्री में तेजी लाने के साथ उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त तिरपाल, ड्रेनेज और पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि बारिश और नमी से धान को नुकसान न पहुंचे।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने विभिन्न विभागों के कार्यों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर सख्ती
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने और उनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों को निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता से निपटाया जाए। विशेष रूप से स्पेशल क्लोजर से संबंधित प्रकरणों में निर्धारित प्रक्रिया और समय-सीमा का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।
12 नवंबर को प्रभारी मंत्री लेंगे विभागीय समीक्षा बैठक
कलेक्टर ने बताया कि जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल 12 नवंबर को महासमुंद जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विभागों की बैठक लेकर योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसे देखते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को अद्यतन जानकारी, प्रगति प्रतिवेदन और आवश्यक दस्तावेजों के साथ पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
धान की अवैध आवाजाही पर रहेगी नजर
धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी के साथ ही अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए भी प्रशासन सक्रिय रहेगा। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने अनुविभागों में अवैध धान की आवाजाही वाले स्थानों का स्वयं फील्ड में जाकर निरीक्षण करने तथा आवश्यकतानुसार चेक पोस्ट स्थापित करने को कहा है। उन्होंने खरीदी केंद्रों में सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने और खरीदी से जुड़ी सभी तैयारियां पहले ही पूरी करने पर जोर दिया।
युवा कार्यक्रम और जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में 13 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला युवा कार्यक्रम तथा 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
नवाचार के प्रस्ताव देने विभागों को प्रोत्साहन
कलेक्टर ने पहल कार्यक्रम के तहत विभागों को नवाचार आधारित कार्यों और योजनाओं के प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि जनहित में उपयोगी और प्रभावी नवाचार के प्रस्ताव विभाग प्रस्तुत कर सकते हैं, ताकि बेहतर पहल को धरातल पर उतारा जा सके।
इसके अलावा बैठक में वीबी-जी रामजी, प्रधानमंत्री आवास योजना, अपार आईडी कार्ड, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं और समय-सीमा में पूर्ण किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा लंबित कार्यों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
