गौरा-गौरी पूजा में शामिल हुए विधायक, की सुख-समृद्धि की कामना
लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी : विधायक सिन्हा
महासमुंद। छत्तीसगढ़ की लोक आस्था, परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक गौरा-गौरी पर्व पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित पूजा कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से गौरा-गौरी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
शहर के विभिन्न पूजा स्थलों पर पारंपरिक रीति-रिवाजों, लोकगीतों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच गौरा-गौरी पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। आयोजन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली की झलक देखने को मिली। पूरे वातावरण में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा।
इस अवसर पर विधायक सिन्हा ने कहा कि गौरा-गौरी पूजा छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देता है। हमारी लोक परंपराएं और धार्मिक आयोजन प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इन्हें सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखती है। नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और विशिष्ट पहचान भविष्य में भी कायम रहे।
इस अवसर पर भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा नेता रमेश साहू, शरद मराठा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
