नकली होलोग्राम से शराब का खेल: पुलिस ने खोला अवैध नेटवर्क का राज
जांच में फर्जी होलोग्राम और लेबल की पुष्टि, 9 आरोपी गिरफ्तार
3,229 लीटर से अधिक शराब और करीब 50.30 लाख की संपत्ति जब्त
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में सरायपाली पुलिस ने एक बड़े शराब नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब के परिवहन और बिक्री के मामले में अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 3,229 लीटर 860 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी शराब, डस्टर व क्रेटा कार, कंटेनर ट्रक और मोबाइल समेत करीब 50 लाख 30 हजार 120 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
मामले की जांच के दौरान नकली होलोग्राम और लेबल के इस्तेमाल के साक्ष्य मिलने की पुष्टि आबकारी विभाग की जांच में हुई है। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में आबकारी एक्ट के साथ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं भी जोड़ी हैं। सरायपाली थाने में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट तथा धारा 111(2), 338, 336(3) और 340(4) बीएनएस के तहत जांच जारी है।
डस्टर कार में मिली 25 पेटी शराब
पुलिस कप्तान प्रभात कुमार के अनुसार 11 अगस्त 2026 को विशेष अभियान के दौरान राजेश पटेल, अजित पटेल और अमित पटेल को डस्टर कार क्रमांक सीजी 04 पीएस 3481 से शराब का परिवहन करते पकड़ा गया था। कार से 25 पेटियों में 1,192 पौव्वा गोवा अंग्रेजी शराब, कुल 214 लीटर 560 मिलीलीटर, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 43 हजार 40 रुपए बताई गई, जब्त की गई।
आरोपियों से पूछताछ और दिए बयान के आधार पर अमित पटेल के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की 46 बोतल अंग्रेजी शराब भी बरामद की गई। इन बोतलों में कुल 34 लीटर 500 मिलीलीटर शराब थी, जिसकी कीमत करीब 84 हजार 880 रुपए बताई गई।
इसके अलावा एक कंटेनर ट्रक क्रमांक एचआर -13- एक्स -3220 से 345 पेटी गोवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई। प्रत्येक पेटी में 48 पौव्वे और प्रत्येक पौव्वे में 180 मिलीलीटर शराब थी। इस तरह कंटेनर से 2,980 लीटर 800 मिलीलीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 19 लाख 87 हजार 200 रुपए बताई गई, जब्त की गई।
स्रोत और सप्लाई चैन तक पहुंचने में जुटी पुलिस
एसपी के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ और मेमोरण्डम के आधार पर मामले में विनय सिंह ठाकुर और धीरज आहुजा को भी गिरफ्तार किया गया। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए आयुस महापात्र, सरवन यादव, अविनाश पंडा और स्वरूप सिंह सलूजा को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अब शराब के स्रोत, परिवहन, सप्लाई चैन और नकली होलोग्राम-लेबल की व्यवस्था से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। नकली होलोग्राम तैयार करने और उसे शराब की बोतलों पर इस्तेमाल किए जाने से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गई हैं।
कार-ट्रक समेत 50.30 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने कार्रवाई में कुल 3,229 लीटर 860 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत करीब 22 लाख 15 हजार 120 रुपए बताई गई है, जब्त की है। इसके अलावा 3 लाख रुपए कीमत की डस्टर कार, करीब 10 लाख रुपए का कंटेनर ट्रक, करीब 15 लाख रुपए की क्रेटा कार और 15 हजार रुपए कीमत के तीन मोबाइल जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 50 लाख 30 हजार 120 रुपए है। एसपी का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अवैध शराब के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा सप्लाई चैन की कड़ियों की भी जांच की जा रही है।
