23 सितंबर को इंडोर स्टेडियम में सुबह 10 बजे से होगा सेवा महाकुंभ
रक्तदान, बुक ट्री, क्लॉथ गार्डन, टॉय बैंक एवं देहदान-अंगदान सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी का आह्वान
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह एवं उनकी पत्नी डॉ. सुनीता सिंह प्रोजेक्ट दधीचि के तहत लेंगे देहदान का संकल्प
रायपुर, 22 सितंबर 2026/ कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए मिशन मोड में कार्य करें तथा अभियान के तहत आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों का व्यवस्थित एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने 23 सितंबर को इंडोर स्टेडियम में सुबह 10 बजे से आयोजित होने वाले सेवा महाकुंभ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा महाकुंभ को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप देते हुए अधिक से अधिक नागरिकों को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाए। सेवा महाकुंभ में रक्तदान, बुक ट्री के माध्यम से नई एवं पुरानी पुस्तकों का दान, क्लॉथ गार्डन के माध्यम से नए एवं पुराने कपड़ों का दान, टॉय बैंक के माध्यम से नए एवं पुराने खिलौनों का दान तथा देहदान-अंगदान सहित छह प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने जिलेवासियों से सेवा महाकुंभ में बढ़-चढ़कर भागीदारी कर समाजहित में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
प्रोजेक्ट दधीचि के तहत कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह एवं उनकी पत्नी डॉ. सुनीता सिंह देहदान का संकल्प लेंगे। इस संबंध में कलेक्टर ने कहा कि देहदान एवं अंगदान मृत्यु के बाद भी किसी जरूरतमंद के जीवन में आशा और नई जिंदगी का संचार करने वाली महत्वपूर्ण सेवा है।
उन्होंने समाज के लोगों को भी इस पुनीत कार्य के प्रति जागरूक होने और अपनी क्षमता के अनुसार सेवा गतिविधियों में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।
सेवा महाकुंभ के तहत आयोजित होने वाले रक्तदान अभियान की तैयारियों की भी कलेक्टर ने जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा रक्तदान के लिए किए गए प्रयासों एवं रक्तदाताओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसी सेवा गतिविधियां जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होती हैं। बैठक में विभिन्न निजी संस्थाओं द्वारा रक्तदान करने वाले व्यक्तियों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले विभिन्न डिस्काउंट ऑफर की जानकारी भी दी गई।
समय-सीमा की समीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अविवादित खाता विभाजन, नामांतरण, किसान पंजीयन, जन-शिकायत निवारण प्रणाली, आरबीसी 6 (4) तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व संबंधी मामलों के निराकरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
बैठक में विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय-सीमा में लाभ दिलाना सुनिश्चित करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने तथा अंतर-विभागीय अनापत्ति प्रमाण-पत्र से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न सेवा शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक शिविर में 1000 से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने तथा पात्र हितग्राहियों को वय वंदन योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग को आय, जाति सहित अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र जारी करने तथा संबंधित विभागों को जॉब कार्ड, महतारी वंदन, नोनी सुरक्षा, श्रम कार्ड, लर्निंग लाइसेंस, स्वास्थ्य जांच, कृषि यंत्र वितरण सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की पूर्व तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप प्रदान करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा गतिविधियों से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में नगर निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा,जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम उमाशंकर बंदे सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
