चाकू, पेचकश और रॉड दिखाकर लूट की कोशिश, ग्रामीणों ने दो को पकड़ा
महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों को घेरकर लूट की कोशिश करने वाले पांच आरोपियों में से दो को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के दौरान आरोपियों ने चाकू, पेचकश और रॉड दिखाकर युवकों को धमकाया था। मामले में तुमगांव पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार भोरिंग निवासी छगन साहू (23) 14 सितंबर की रात अपने दोस्त देवप्रकाश साहू के साथ बाइक से तुमगांव में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिता देखने जा रहा था। रात करीब 11.45 बजे गर्ल्स हॉस्टल भोरिंग के पास एक व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए हाथ देकर बाइक रुकवाई। बाइक रुकते ही झाड़ियों के पीछे छिपे उसके चार साथी बाहर निकल आए और दोनों युवकों को घेर लिया।
आरोपियों ने चाकू, पेचकश और रॉड दिखाकर जान से मारने की धमकी दी तथा बाइक, मोबाइल और जेब में रखे रुपए लूटने का प्रयास किया। इसी दौरान पीछे से आ रहे ग्रामीणों ने युवकों की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर मदद की। ग्रामीणों को आता देख तीन आरोपी भाग निकले, जबकि दो को पकड़ लिया गया। बाद में डायल-112 को सूचना देकर दोनों आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 126(2), 312 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
