दो कारों में 37.3 किलो गांजा लेकर जा रहे सात आरोपी गिरफ्तार

सांकरा में नाकाबंदी के दौरान एएनटीएफ और पुलिस की कार्रवाई, 17.10 लाख रुपए की संपत्ति जब्त
महासमुंद। गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सांकरा पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से क्रेटा और स्विफ्ट कार में परिवहन किया जा रहा 37.300 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 7.40 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त दोनों कारों और छह मोबाइल समेत कुल 17.10 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, सांकरा थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्रेटा और सफेद रंग की स्विफ्ट कार से ओडिशा से गांजा लाकर सांकरा होते हुए रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बल्दीड़ीह चौक, एनएच-53 के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की गई। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के दोनों वाहन वहां पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने रोककर चालक और सवार लोगों से पूछताछ की।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कुल 37.300 किलो गांजा जब्त कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा के सोनपुर से गांजा लाकर स्थानीय क्षेत्र में खपाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने मामले में महेंद्र पटेल उर्फ रितेश (दयालपुर, थाना सालिया, हाल भगत देवरी, सांकरा), टिकेलाल मांझी उर्फ टिक्कू (डोंगरीपाली, सांकरा), सुमित शर्मा (लाखागढ़, पिथौरा), देवेंद्र पटेल उर्फ दीपेश (राजपुर, बसना), गितेश नायक (धुपेनडीह, बसना), नवसागर पटेल उर्फ नूतन (सागरपाली, सरायपाली) और मंसुर खान (लखागढ़, पिथौरा) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

इन्हें भी पढ़े