सूने मकान में आधी रात चोरी करने घुसा चोर, पुलिस ने घेराबंदी कर रंगे हाथों पकड़ा

मंडी रोड में ताला तोड़कर आलमारियां खंगाल रहा था आरोपी, पुलिस की तत्परता से टली चोरी की वारदात
महासमुंद। सूने मकान को निशाना बनाकर आधी रात चोरी करने पहुंचे एक आरोपी को बागबाहरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मकान का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ था और कमरों में रखी आलमारियों के ताले तोड़कर कीमती सामान तलाश रहा था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही आरोपी पकड़ा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय मंडी रोड निवासी लीलाधर डड़सेना परिवार को लेने पिथौरा गए थे। उनके घर में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने सूना मकान देखकर आधी रात दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर गया। इसके बाद कमरों में रखी आलमारियों के ताले तोड़कर कीमती सामान की तलाश शुरू कर दी। आरोपी ने इस दौरान घर का सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया।
इसी बीच मुखबिर से बागबाहरा पुलिस को मकान में चोरी होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक मकान की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने चोरी की कोशिश कर रहे आरोपी को मौके से रंगे हाथों पकड़ लिया।
पुलिस ने मकान मालिक लीलाधर डड़सेना को सूचना देकर मौके पर बुलाया। उनके पहुंचने के बाद पुलिस टीम के साथ मकान का जायजा लिया गया। मकान मालिक की लिखित रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इन्हें भी पढ़े