ग्रामीणों से रूबरू हुए विधायक, समस्याओं के शीघ्र निराकरण का दिया भरोसा
लोहारगांव में भेंट-मुलाकात के दौरान सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि व रोजगार से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने रविवार को ग्राम लोहारगांव पहुंचकर ग्रामीणों से आत्मीय भेंट-मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं, आवश्यकताओं और गांव के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं से विधायक को अवगत कराया, जिस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
भेंट-मुलाकात के दौरान नवजात शिशुओं के लिए शिशु किट तथा नवविवाहित बहनों को उपहार प्रदान किए गए। विधायक ने कहा कि जनता की सेवा और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने तथा गांव के विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले समय में क्षेत्र के विकास को और गति देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
ग्रामीणों ने अपने बीच विधायक की मौजूदगी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्थानीय समस्याओं को सीधे उनके समक्ष रखने का अवसर मिलने पर आभार जताया। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे तथा जनता के विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य नैन पटेल, जनपद सदस्य हुमन दीवान, वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप घोष, राजेंद्र चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
