17 सितंबर से शुरू होगा भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’, गांव-गांव पहुंचेंगे मोदी के 25 वर्षों की सेवा संदेश
भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला में एक माह तक 13 सूत्रीय कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार
महासमुंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जिला स्तरीय कार्यशाला सोमवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई। अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर एक माह तक 13 प्रमुख बिंदुओं पर संगठन एवं सरकार के नेतृत्व में संचालित किया जाएगा।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सत्ता नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की गौरवपूर्ण यात्रा हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक उन्होंने जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से मोदी की सेवा यात्रा और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान के जिला संयोजक एवं बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने कहा कि यह केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और जनजागरण का व्यापक अभियान है। एक माह तक 13 बिंदुओं पर आयोजित कार्यक्रमों के जरिए सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकास को गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा तक पहुंचाकर देश की विकास यात्रा को नई गति दी है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि मोदी के 25 वर्ष सेवा, संघर्ष, सुशासन और राष्ट्र समर्पण के रहे हैं। कार्यकर्ता अभियान के माध्यम से उनकी सेवा यात्रा और सरकार की उपलब्धियों को प्रत्येक बूथ एवं परिवार तक पहुंचाएंगे।
कार्यशाला में भाजपा जिला प्रभारी जयंती भाई पटेल, बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, महिला आयोग सदस्य सरला कोसरिया, पूर्व विधायक प्रीतम सिंह दीवान, परेश बागबाहरा सहित पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन जिला महामंत्री थानसिंह दीवान एवं जितेन्द्र त्रिपाठी ने किया। आभार भाजयुमो अध्यक्ष अमन वर्मा ने व्यक्त किया।
