शिक्षा, एकता और संस्कार से मजबूत होगा समाज: द्वारिकाधीश यादव

यादव महासभा के जन्माष्टमी महोत्सव में वरिष्ठजनों व प्रतिभाओं का सम्मान, सामाजिक एकजुटता का दिया संदेश
महासमुंद। बागबाहरा कृषि उपज मंडी परिसर में यादव महासभा खल्लारी विधानसभा के तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, सम्मान समारोह एवं सामाजिक सम्मेलन का आयोजन उत्साह और सामाजिक एकजुटता के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले वरिष्ठजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में समाजजनों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव रहे।
भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्तव्य और सत्य की प्रेरणा : विधायक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक द्वारिकाधीश यादव ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेश को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, व्यक्ति को अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटना चाहिए।
विधायक यादव ने कहा कि यादव समाज का इतिहास संघर्ष, परिश्रम, साहस और सामाजिक योगदान से समृद्ध रहा है। वर्तमान समय में समाज की प्रगति के लिए एकता को मजबूत करने के साथ शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी यदि शिक्षित और संस्कारवान होगी तो वह अपने परिवार के साथ-साथ समाज और क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
युवाओं को अवसर और मार्गदर्शन देने पर जोर
विधायक ने युवाओं से शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। सामाजिक संगठन इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।
भव्य कलश यात्रा रही आकर्षण का केंद्र
जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान कृषि उपज मंडी परिसर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में समाज की महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पारंपरिक एवं भक्तिमय वातावरण में निकली यात्रा आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही। बड़ी संख्या में समाजजनों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को सामाजिक एकता और समरसता का स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी फिरन यादव, प्रदेश अध्यक्ष राजनीतिक प्रकोष्ठ झेरिया शाखा राजू यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष महासभा राजिम हरिश यादव, जिलाध्यक्ष केसरिया शाखा विनोद यादव, प्रदेश संयोजक मगधा शाखा हरिशंकर यादव, जिलाध्यक्ष मगधा शाखा शरद हंसराज, जिलाध्यक्ष झेरिया शाखा प्रीतम यादव, जिलाध्यक्ष बड़े केसरिया शाखा जगदीश यादव, अध्यक्ष सुवरमाल परिक्षेत्र ठेठवार शाखा हरिराम यादव, पूर्व नपा उपाध्यक्ष दीपक यादव, पार्षद मंता यादव, प्रदेश महासचिव महासभा राजिम समेलिया यादव, विधायक प्रतिनिधि हवेलाल यादव एवं दुर्गेश यादव सहित समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सामाजिकजन उपस्थित रहे।