आंगनबाड़ी में गूंजा नंदलाल का जयकारा, राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नौनिहाल
महासमुंद। आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-03, पाटिल बहरा नांदगांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में चित्रांश धीवर ने भगवान श्रीकृष्ण और प्रियांशी निषाद ने राधा की वेशभूषा धारण की। दोनों की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों ने जन्माष्टमी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्व की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और जन्माष्टमी पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी गई। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति रुचि एवं संस्कार विकसित करना रहा।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती दमयंती शर्मा, प्रधानपाठक भुनेश्वरी चंद्राकर, चित्ररेखा धीवर, संगीता ध्रुव, निर्मला पटेल एवं भोजराज पटेल सहित अन्य उपस्थित रहे।
