गुरु बालकदास जयंती पर विधायक ने किया नमन, कहा- उनके विचारों को जीवन में उतारना जरूरी

सामाजिक एकता, शिक्षा और आत्मसम्मान का दिया संदेश; युवाओं से महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान
महासमुंद। ग्राम गुड़ेलाभाठा में शुक्रवार को गुरु बालकदास जी की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। उन्होंने गुरु बालकदास जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके व्यक्तित्व, विचारों तथा समाज सुधार में योगदान को स्मरण किया। समारोह में समाज के वरिष्ठजन, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
समानता और सामाजिक एकता का दिया संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि गुरु बालकदास जी का जीवन समाज में समानता, भाईचारे, शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक एकता का संदेश देता है। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा देने के साथ नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु बालकदास जी ने किसानों पर हो रहे अत्याचार और भुखमरी के खिलाफ संघर्ष किया तथा समाज को संगठित करने का प्रयास किया। उन्होंने शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सामाजिक सद्भाव मजबूत करने और अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों का विरोध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विधायक ने कहा कि महापुरुषों के विचारों को केवल जयंती और पुण्यतिथि पर याद करने के बजाय उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने की जरूरत है।
युवाओं से समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील
विधायक सिन्हा ने कहा कि समाज के विकास में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं को महापुरुषों के संघर्ष, विचारों और योगदान से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से आपसी भेदभाव भुलाकर सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और एकता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम गुड़ेलाभाठा के सामाजिक पदाधिकारी अध्यक्ष हीरासिंह कुर्रे, संरक्षक गुरु कुंजन दास मारकंडे, उपाध्यक्ष टीकेश्वर बंजारे, कोषाध्यक्ष बीर सिंग जोगी, सचिव तोमेश कुर्रे, वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप घोष, भाजपा ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री निर्भय नायक, मंडल महामंत्री कमल कौशिक, सरपंच संघ अध्यक्ष दिनेश्वर साहू, मुनगासेर सरपंच रितु निषाद, सोसाइटी अध्यक्ष छबिंद्र पटेल, देवेन्द्र राय, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष ताराचंद पटेल, जिला संयोजक सांस्कृतिक प्रकोष्ठ टीकम पटेल सहित राजा अग्रवाल, वीर सिंग निषाद, गोपाल रौतिया, सतीश मारकंडे, टिकेश्वर बंजारे, बसंत जोगी, संतराम जोगी, पुनीत राम कुर्रे, विद्याचरण, हरिचंद, रमेश मारकंडे, मुकेश बंजारे, हीराधर नवरंगे, राहुल कुर्रे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।