नयापारा में पुलिस की दबिश, 24 लीटर महुआ शराब जब्त
दो शराब कोचिए गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर भेजे गए जेल
महासमुंद। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने नयापारा वार्ड नंबर-11 में दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर 24 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है। जब्त शराब की कुल कीमत 4,800 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिलने पर ग्राम नयापारा निवासी घांसू मेहर (50) के घर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान तीन पीले रंग के 5-5 लीटर वाले प्लास्टिक जरीकेन में भरी 15 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब, जिसकी कीमत 3,000 रुपए है, बरामद हुई। मामले में सिटी कोतवाली में धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई में नयापारा निवासी नरसिंग मेहर (50) के घर-बाड़ी की तलाशी ली गई। यहां ग्राहकों को बेचने के लिए रखी 9 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत 1,800 रुपए आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 24 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, अवैध शराब की बिक्री और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
