बिन्नी बाई सब्जी मार्केट में गंदगी और अव्यवस्था का आलम
दुकानों के सामने सामान से रास्ते संकरे, कचरे और सब्जियों के अवशेष से बढ़ी परेशानी; नागरिकों ने तत्काल सफाई और व्यवस्था सुधार की उठाई मांग
महासमुंद। शहर के प्रमुख बिन्नी बाई सब्जी मार्केट में इन दिनों सफाई और आवागमन व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बाजार परिसर में जगह-जगह कचरा, सब्जियों के अवशेष और गंदगी फैली होने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, दुकानों के सामने सामान और सब्जियों की टोकरियां रखे जाने से पैदल चलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। इससे बाजार में आने-जाने वाले लोगों को संकरी जगह से होकर गुजरना पड़ रहा है।
बाजार में रोजाना बड़ी संख्या में नागरिक खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इनमें महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे भी शामिल रहते हैं। ऐसे में संकरे रास्ते और अव्यवस्थित आवागमन के कारण लोगों को असुविधा के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय स्तर पर ऐसी स्थिति को लेकर लोगों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित होने की शिकायत भी सामने आ रही है।
सफाई व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
बिन्नी बाई सब्जी मार्केट जैसी रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ी जगह पर नियमित सफाई और कचरे के तत्काल उठाव की व्यवस्था होना जरूरी है। लेकिन वर्तमान स्थिति में बाजार परिसर में जगह-जगह गंदगी दिखाई देने से सफाई व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह भी है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों की आवाजाही वाले बाजार में नियमित निरीक्षण और व्यवस्थाओं की निगरानी कितनी प्रभावी तरीके से हो रही है।
दुकानों के सामने अतिक्रमणनुमा अव्यवस्था से रास्ते बाधित
बाजार में दुकानों के सामने सामान और सब्जियों की टोकरियां रखे जाने से सार्वजनिक आवागमन की जगह लगातार कम होती जा रही है। इससे खरीदारों को दुकानों तक पहुंचने और बाजार से निकलने में परेशानी होती है। बाजार में व्यवस्थित पैदल आवागमन के लिए निर्धारित स्थान को खाली रखना और दुकानदारों द्वारा सामान को तय सीमा के भीतर रखना जरूरी है।
समय रहते व्यवस्था सुधारने की जरूरत
सामाजिक एवं आरटीआई कार्यकर्ता पंकज साहू ने नगर पालिका प्रशासन से बिन्नी बाई सब्जी मार्केट की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बाजार में विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए। दुकानों के सामने रास्ता बाधित करने वाली अव्यवस्था पर नियंत्रण लगाया जाए और नागरिकों के सुरक्षित पैदल आवागमन के लिए पर्याप्त जगह सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बाजार में नियमित निरीक्षण की व्यवस्था करने तथा सफाई और यातायात व्यवस्था के लिए जिम्मेदार अधिकारियों- कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग की है।
मांग है कि बिन्नी बाई सब्जी मार्केट में तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरे और सब्जियों के अवशेष हटाए जाएं, नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए तथा आवागमन बाधित करने वाली अव्यवस्था दूर कर बाजार को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाए।
