खड़ादरहा में 13.72 लाख रुपए से बनेगा प्राथमिक शाला का नया भवन
जिपं उपाध्यक्ष ने किया भूमिपूजन, बोले- बेहतर शिक्षा के लिए जरूरी है मजबूत शैक्षणिक अधोसंरचना
महासमुंद। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खड़ादरहा में विद्यार्थियों को जल्द ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। यहां शासकीय प्राथमिक शाला के नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन जिला पंचायत के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। नवीन भवन के निर्माण के लिए 13 लाख 72 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। भवन बनने से प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों को बेहतर और सुविधाजनक अध्ययन वातावरण उपलब्ध होगा।
भूमिपूजन अवसर पर जिपं उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शिक्षा, विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार भी ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दे रही है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर भवन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। शासकीय प्राथमिक शाला खड़ादरहा के नवीन भवन का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
ठाकुर ने कहा कि विद्यालय का नया भवन तैयार होने के बाद बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। इससे उनकी शैक्षणिक गतिविधियों को गति मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि गांवों में शैक्षणिक अधोसंरचना का विस्तार विकास की मजबूत नींव तैयार करता है।
