कोमाखान में मारपीट को लेकर दोनों पक्षों पर एफआईआर
एक पक्ष ने ब्लेड से हमला करने का लगाया आरोप, दूसरे ने गाली-गलौज व मारपीट की शिकायत की
महासमुंद। कोमाखान थाना क्षेत्र में मारपीट को लेकर दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मोंटू यादव ने शिकायत में बताया कि 28 अगस्त की दोपहर करीब 3.30 बजे वह युवराज निर्मलकर के साथ पेट्रोल पंप की ओर से कोमाखान बस्ती जा रहा था। जीवन बेकरी के पास पिंटू ठाकुर और उसके घर आए मेहमानों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और ब्लेड से उसके सीने पर वार कर चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने आए युवराज के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष से निशा राजपूत ने शिकायत दर्ज कराई कि रक्षाबंधन के अवसर पर उसके रिश्तेदार खरियार रोड से घर आए थे। उनका भतीजा शुभम सिंग और भाई चिराग सिंग बाइक से टीवीएस शोरूम से लौट रहे थे। जीवन बेकरी के पास मोंटू यादव और युवराज निर्मलकर ने उनके साथ गाली-गलौज, हाथापाई और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर पहुंची निशा के साथ भी मारपीट करने का आरोप है। पुलिस ने दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
